हिमाचल में बर्फबारी के लिए येलो अलर्ट, पंजाब-हरियाणा और दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड

हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करलट बदल सकता है। 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद पंजाब, हरियाणा,दिल्ली समेत अन्य मैदानी इलाकों में शीत लहर चलने से तापमान में गिरावट दर्ज होगी।

By  Vinod Kumar January 27th 2023 03:32 PM

शिमला/रमिता सोनी: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करलट बदल सकता है। 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट आएगी, जिससे लोगों को ठंड का सामना भी करना पड़ेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक बुई लाल ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने वाला है, जिसका असर 29 और 30 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में दिखेगा। इस दौरान कुल्लू, चंबा, मंडी, कांगड़ा ,शिमला, लाहौल स्पीति और किन्नौर ज़िलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 31 जनवरी से मौसम के साफ रहने का अनुमान है।

पहाड़ों से बर्फबारी के बाद पंजाब, हरियाणा,दिल्ली समेत अन्य मैदानी इलाकों में शीत लहर चलने से तापमान में गिरावट दर्ज होगी। ऐसे में अभी लोगों को ठंड से छुटकारा नहीं मिलेगा,  लेकिन दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत जरूर मिलेगी। इसके साथ सुबह-शाम और रात के समय तापमान में गिरावट नजर आएगी।

वहीं, अभी भी हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद बंद 219 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं, जबकि 342 ट्रांसफार्मर खराब हैं, जिसके कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। बंद सड़कों में लाहौल स्पीति में 136, चंबा में 55, कांगड़ा में 42, कुल्लू में 10, मंडी में 4, शिमला में 6 सड़कें यातायात के लिए बंद है। खराब ट्रांसफार्मर में चंबा में 354 खराब हैं।

अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल बर्फ से कई फीट तक ढके हुए हैं। भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही ठप हो गई है। इस वजह से लाहौल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। लाहौल-स्पीति की 139 सडक़ों पर यातायात बंद हो गया है। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला दर्रा और कुंजुम दर्रा में लगातार बर्फबारी हो रही है।

 


Related Post