12 और 13 फरवरी IPL की नीलामी, एशेज हार के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से किया किनारा

By  Vinod Kumar January 22nd 2022 12:48 PM -- Updated: January 22nd 2022 07:54 PM

IPL Auction: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2022) का काउंटडाउन शुरू हो गया है। सभी 10 टीमों ने अपने-अपने रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी कर दी है। साथ ही ऑक्शन के लिए भी कई खिलाड़ियों का नाम सामने आ गया है। इस साल के IPL का मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को होगी। शनिवार को BCCI ने 1,214 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। इन खिलाड़ियों में 896 भारतीय और 318 विदेशी खिलाड़ी हैं।

दो दिन तक चलने वाले इस मेगा ऑक्शन में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। ऑक्शन में 270 कैप्ड प्लेयर, 903 अनकैप्ड प्लेयर और 41 एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों की बोली लगेगी।

वेस्टइंडीज़ के क्रिस गेल ने भी अभी तक अपना नाम ऑक्शन में नहीं दिया है। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के सैम कुरेन, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जो रूट, क्रिस वोक्स और वेस्टइंडीज़ के क्रिस गेल ने ऑक्शन में अपना नाम शामिल नहीं करवाया है। ऐसे में ये खिलाड़ी आईपीएल 2022 से नदारद रह सकते हैं।

एशेज में मिली हार के बाद इंग्लैंड के कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के प्लेयर्स की आलोचना की थी और हार के लिए आईपीएल को जिम्मेदार बताया था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने आईपीएल से दूरी बना ली है।

वहीं, मेगा ऑक्शन के लिए जारी की गई 2 करोड़ की बेस प्राइस की लिस्ट में 49 खिलाड़ी हैं। इस लिस्ट में 17 भारतीय हैं, जबकि 32 विदेशी खिलाड़ी हैं। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन के अलावा, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, इशान किशन, सुरेश रैना के नाम इस लिस्ट में हैं।

वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में वॉर्नर, रबाडा, ब्रावो के अलावा पैट कमिंस, एडम जंपा, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मार्क वुड, ट्रेंट बोल्ट और फाफ डु प्लेसी जैसे बड़े नाम हैं। फ्रेंचाइजियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किए नामों पर 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली मेगा ऑक्शन में बोली लगाई जाएगी।

33 खिलाड़ियों को किया गया रीटेन

IPL 2022 के लिए 33 खिलाड़ियों को रीटेन किया गया है। 8 टीमों ने 27 खिलाड़ियों को रीटेन किया है। वहीं, 2 नई IPL टीमों ने 6 खिलाड़ियों को अपनी टीम के साथ जोड़ा है। केएल राहुल को लखनऊ ने 17 करोड़ में अपनी टीम के साथ जोड़ा है। इसके साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए हैं। इससे पहले RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली को भी 2018 से 2021 के सीजन तक 17 करोड़ ही मिलते थे। लखनऊ ने केएल को अपनी टीम का कप्तान भी बनाया है।

साल 2018 के बाद IPL का पहला बड़ा ऑक्शन होने जा रहा है। IPL 2018 के मेगा ऑक्शन में कुल 8 टीमें थी। इस बार 10 टीमें ऑक्शन में हिस्सा लेंगी। 10 टीमों ने मिलकर 33 खिलाड़ियों पर कुल 338 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस ऑक्शन में खिलाड़ियों पर खूब धन वर्षा होगी। कछ खिलाड़ियों को बेस प्राइस से भी अधिक कीमत मिल सकती है।

'TATA' to Vivo! IPL gets new title sponsor

Related Post