मिल्खा सिंह के निधन पर पीएम मोदी, सीएम खट्टर और अन्य ने जताया दुख

By  Arvind Kumar June 19th 2021 09:46 AM

नई दिल्ली। फ्लाइंग सिख के नाम से विख्यात महान धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। मिल्खा सिंह पिछले काफी दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। लेकिन पोस्ट कोविड साइडइफेक्ट्स से मिक्खा उबर नहीं सके। इससे पहले रविवार को उनकी 85 वर्षीया पत्नी निर्मल कौर का भी निधन हो गया था।

मिल्‍खा सिंह के निधन पर राजनेताओं सहित खेल और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी और हरियाणा के गृह एवं स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अनिल विज सहित कई लोगों ने मिल्खा के निधन पर दुख जताया है।

पीएम मोदी ने उनके निधन पर ट्वीट कर कहा, ‘मिल्खा सिंह जी के निधन से हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया, जिनका असंख्य भारतीयों के ह्रदय में विशेष स्थान था। अपने प्रेरक व्यक्तित्व से वे लाखों के चहेते थे। मैं उनके निधन से आहत हूं।’

उन्होंने आगे लिखा, ‘मैने कुछ दिन पहले ही मिल्खा सिंह जी से बात की थी। मुझे नहीं पता था कि यह हमारी आखिरी बात होगी। उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं।

बता दें कि मिल्खा सिंह ने एशियाई खेलों में चार बार स्वर्ण पदक जीता। वहीं 1958 राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने पीला तमगा हासिल किया था। उन्होंने 1956 और 1964 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें 1959 में पद्मश्री से नवाजा गया था।

 

Related Post