लखनऊ में सीएम आवास के पास अजान की आवाज से दिक्कत, शुक्रवार सुबह उतरवाए गए स्पीकर

By  Vinod Kumar October 29th 2022 12:44 PM

लखनऊ/जय कृष्णा: यूपी के लखनऊ में सीएम आवास के पास अजान की आवाज से दिक्कत होने पर शुक्रवार सुबह गौतमपल्ली स्थित नूर मस्जिद का स्पीकर पुलिस ने उतार लिया, तो वहीं बड़ी मस्जिद की आवाज को कम करवाया। मस्जिद के मौलवी ने स्पीकर उतारने की वजह पूछी, तो उच्च अधिकारियों ने लोगों को आवाज से दिक्कत के बारे में बताया।

नूर मस्जिद के इमाम मो. अजमल ने बताया कि पिछले दो-तीन दिन से कभी तीन, तो कभी चार पुलिस कर्मी आ रहे थे। वह हर बार मस्जिद में लगे स्पीकर की आवाज को धीरे करने के लिए कह रहे थे। इमाम ने बताया कि पहले आवाज को धीरे कर दिया गया। इसके बाद बृहस्पतिवार को पुलिसकर्मी फिर पहुंच गए। इमाम ने बताया कि उन्होंने माइक उतार कर दे दिया।

इमाम मो.अफजल का आरोप है कि शुक्रवार सुबह तो पुलिसकर्मियों ने खुद स्पीकर उतार दिया। वजह पूछी, तो उच्च अधिकारियों ने कहा कि, लोग सुबह टहलने के लिए आते हैं। उनको इस आवाज से दिक्कत होती है। इसके साथ ही पास में स्थित बड़ी मस्जिद की आवाज को कम करवाया।

अजान की आवाज से दिक्कत होने पर पुलिस आयुक्त को शिकायत की गई थी। इसके बाद आलाधिकारियों को चेक कर स्पीकर उतरवाने के लिए कहा गया था। इसपर मध्य व पूर्वी जोन के पुलिसकर्मी आवाज की तलाश कर रहे थे। यही नहीं शुक्रवार सुबह अजान की आवाज सुनकर मस्जिद तक पहुंचने की सफलता मिली। इसके बाद स्पीकर को उतरवाया और दुबारा नियमों का पालन करने के लिए कहा। बता दें कि गौतमपल्ली इलाके में मुख्यमंत्री का आवास, कई मंत्री, जज समेत अन्य आलाधिकारियों के आवास हैं।

Related Post