बुजुर्ग महिला के मकान पर दबंगों ने जबरन किया कब्जा, पीड़िता ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार

By  Vinod Kumar October 13th 2022 01:22 PM -- Updated: October 13th 2022 06:18 PM

कानपुर/ज्ञानेंद्र शुक्ला: यूपी के कानपुर में एक महिला ने अपना मकान बचाने के लिए सीएम योगी से गुहार लगाई है। महिला सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय मांग रही है। महिला का आरोप है कि कुछ दबंगों ने उसके मकान पर जबरन कब्जा लिया है।

हनुमंत बिहार थाना क्षेत्र के योगेंद्र विहार में खांडेपुर कॉलोनी में रहने वाली पीड़ित बुजुर्ग महिला का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से उसके मकान पर दबंगों ने कब्जा किया है। महिला का आरोप है कि क्षेत्र के दबंग रोहित सिंह चौहान और मोहित सिंह चौहान ने उसके मकान पर जबरन अवैध कब्जा किया है।

महिला का आरोप है कि दबंगों ने रात को उसके मकान का ताला तोड़कर उसके मकान पर अपना ताला लगा दिया। नवंबर में बेटी का शादी है। दहेज का सारा सामान घर में अंदर रखा है। पुलिस ने भी उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की और उसे अनसुना कर दिया। उसे पुलिस पर भरोसा नहीं है।

महिला ने घर की दीवार पर पोस्टर लगाकर सीएम से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने पोस्टर पर लिखा है 'सीएम योगी जी मेरा मकान बचाओ'। पोस्टर लगाने के बाद महिला घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

Related Post