आज से शुरू होंगा 'खेलों का महाकुंभ' खेलो इंडिया गेम्स, 8500 खिलाड़ी और स्पोर्टिंग स्टाफ लेंगे हिस्सा

By  Vinod Kumar June 4th 2022 11:22 AM

आज शाम 7:30 बजे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आगाज होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पंचकूला के सेक्टर-3 में स्थित ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में इन खेलों का आगाज करेंगे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 4 से 13 जून तक 25 गेम्स के विभिन्न मैचों का 5 शहरों में आयोजन होगा। पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में ये खेल आयोजित होंगे। पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम मुख्य आयोजन स्थल होगा। इस स्टेडियम में करीब 7 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम है।

देशभर के करीब 8500 खिलाड़ी, कोच और स्पोर्टिंग स्टाफ खेलों इंडिया गेम्स में हिस्सा लेंगे। 1866(गोल्ड, सिल्वर, कांस्य) मैडल्स के लिए खिलाड़ी जोर आजमाइश करेंगे। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के साथ केंद्रीय खेल मंत्रालय मिलकर इन खेलों का आयोजन कर रहे हैं। इन खेलों को भविष्य में ओलंपिक की तैयारी का सबसे बड़ा प्लेटफॉर्म बनाने की कोशिश खेल विभाग कर रहा है. इसीलिए इसमें ज्यादार वही खेल शामिल हैं जो ओलंपिक में खेले जाते हैं।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021-22 के लिए केंद्र सरकार ने 657.71 करोड़ रुपये का बजट रखा था। इन खेलों के जरिए हर खेल से दो सबसे अच्छे खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। उसके बाद जो खिलाड़ी इन खेलों से चुने जाते हैं उन्हें 8 साल तक 5 लाख रुपये सालाना दिये जाते हैं। जिससे वो बेहतर ट्रेनिंग ले सकें।

खेलो इंडिया गेम्स में पहली बार 5 पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इनमें गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंभ और योग को शामिल किया गया है। इनमें गतका, कलारीपयट्टू और थांग-ता पारंपरिक मार्शल आर्ट कला हैं, जबकि मलखंभ और योग सेहत से जुड़े हैं। खेलों को लेकर युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी जोश है। खेलों के साथ दर्शकों, खिलाड़ियों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

Related Post