मुझे राजनीति नहीं आती...मैं सीधा सा छोरा सूं, कुरुक्षेत्र में हरियाणा की जनता से केजरीवाल ने मांगा एक मौका
कुरुक्षेत्र/अशोक यादव: रविवार को हरियाणा में तीन ताबड़तोड़ रैली हुई। बीजेपी, कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी ने भी कुरुक्षेत्र में रैली की। इन रैलियों को नगर निकाय चुनाव का आगाज माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी की रैली बदलेगा हरियाणा में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए।
केजरीवाल ने मंच से बीजेपी, कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं हरियाणा का हूं और हरियाणा मेरी जन्मभूमि है आज मुझे बेहद खुशी है अपनी जन्मभूमि में आया हूं। कल रात को तूफान बेशक आया मगर झाड़ू पूरे हरियाणा प्रदेश में घटिया राजनीति का सफाया करेगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश और केंद्र की सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि 1 साल तक किसान आंदोलन चला और किसानों ने आखिरकार प्रदेश और केंद्र सरकार को झुका दिया 1 साल तक किसान बॉर्डर पर डटे रहे और सरकार को झुका कर ही हटे। प्रदेश की मनोहर सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश की सरकार अहंकार की सरकार है। आज कलयुग में किसानों ने भाजपाइयों का घमंड तोड़ा है। सभी किसान भाइयों को इसके लिए बधाई।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हमने सरकारी स्कूल ठीक कर दिए। आज हरियाणा के स्कूलों का सबसे बुरा हाल है। प्रदेश की भाजपा सरकार में आए दिन पेपर लीक हो रहे हैं। ही हाल हिमाचल प्रदेश और गुजरात का है। भाजपा सरकारों में पेपर लीक का मामला गिनीज बुक आफ रिकार्ड में दर्ज किया जाना चाहिए।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कहा कि अगर आप अपने बच्चों को इंजीनियर, डॉक्टर और वकील बनाना चाहते हो तो AAP के साथ आ जाओ। वहीं भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में हमारा स्वास्थ्य मंत्री पैसे मांग रहा था। कोई दूसरी पार्टी होती तो पैसे को पार्टी फंड में जमा करवा लेती। हमने उस मंत्री को बर्खास्त करके जेल भेज दिया।