Mon, Apr 29, 2024
Whatsapp

देश में पारदर्शी प्रणाली से व्यवस्था में किया गया बदलाव, हर वर्ग को साथ लेकर चल रहे पीएम: नड्डा

Written by  Vinod Kumar -- September 02nd 2022 05:49 PM
देश में पारदर्शी प्रणाली से व्यवस्था में किया गया बदलाव, हर वर्ग को साथ लेकर चल रहे पीएम: नड्डा

देश में पारदर्शी प्रणाली से व्यवस्था में किया गया बदलाव, हर वर्ग को साथ लेकर चल रहे पीएम: नड्डा

कैथल: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज कैथल की नई अनाज मंडी में आयोजित अमृत काल संकल्प रैली को संबोधित किया। इस रैली में मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल ने भी विशेष रूप से शिरकत की। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने देश व प्रदेश में राजनीतिक संस्कृति को बदलने का कार्य किया है। विकास के दृष्टिगत समूचे देश व प्रदेश में पारदर्शी प्रणाली से व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब संबंधित व्यक्ति को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। बिचौलिया राज को खत्म किया गया है। वर्तमान परिवेश में भारत देश लेने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को कुछ न कुछ देने वाला राष्ट्र बन गया है। स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी के लिए कैथल में 997 करोड़ रुपये से मेडिकल कॉलेज का निर्माण होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार ने देश व प्रदेश की धरा से जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद को समाप्त करके प्रत्येक वर्ग के कल्याणार्थ अनेकों योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। आज के समय में देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया को नई दिशा दे रहा है। प्रतिदिन 37 किलोमीटर हाईवे,9.5 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाए जा रहे हैं, जल्द ही 220 नए एयरपोर्ट बनाए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जेपी नड्डा ने कहा कि आज देश व प्रदेश में करोड़ों रुपये का विदेशी निर्यात हो रहा है। पिछले दिनों लंदन में हुए कॉमनवेल्थ खेलों में देश के खिलाड़ियों ने 22 गोल्ड मेडल जीतने का कार्य किया। हरियाणा प्रदेश खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कर रहा हैं आज खेलों का मतलब ही हरियाणा है। हरियाणा प्रदेश की खेल नीति से प्रभावित होकर उसका अनुसरण दूसरे प्रदेश भी कर रहे हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चल रहे हैं। ओबीसी को संवैधानिक दर्जा भी मोदी सरकार ने दिया है। प्रधानमंत्री आवास शहरी व ग्रामीण योजना के तहत अढ़ाई करोड़ से अधिक मकान बनाए जा चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विकास की गति को यूं ही निरंतर चलाते हुए गति शक्ति योजना से 100 लाख करोड़ खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। आज हरियाणा पूरी तरह से ओडीएफ हो चुका है, जिसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल बधाई के पात्र हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सभी सरकारी योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। हम समाज को अपना परिवार मानकर यूं ही सेवा करते रहेंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को कैथल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित अमृत काल संकल्प रैली में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने रैली में पहुंची जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह बेहद सुखद अनुभव है कि महज तीन दिन की सूचना पर इतनी बड़ी रैली आयोजित की गई और इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने सभी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जब सरकार बनी तो उन्होंने सोच लिया था कि हरियाणा के लोगों को जात-पात में नहीं बंटने देंगे। तभी उन्होंने हरियाणा एक- हरियाणवी एक का नारा आगे बढ़ाया। हमें खुशी है कि हमने 8 साल में प्रदेश को जातिगत घुण को स्पर्श नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लोगों के जीवन में सरलता कैसे लाई जाए, हरियाणा की छवि कैसे बदली जाए, हमने इस पर काम किया। 2014 से पहले हरियाणा की विशेष तरह की छवि थी। उस छवि को बदलने की प्रेरणा भी हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली। प्रधानमंत्री के आह्वान पर हमने इसे बदलकर दिखाया। हमने यह भी कर के दिखाया कि सरकार कैसे काम करती है। सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। लगभग जिलों में या तो मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं, या उनमें मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में काम चल रहा है। कैथल जिले में भी मेडिकल कॉलेज की नींव रख दी है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत हर गरीब परिवार की बीमारी पर आने वाले खर्च की 5 लाख तक की जिम्मेदारी केंद्र सरकार ने ली है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने नई एजुकेशन पॉलिसी, हायर एजुकेशन, टेक्निकल एजुकेशन आदि हर क्षेत्र में काम किया है। आज हर युवा को रोजगार की जरूरत है इसलिए सरकार युवाओं के स्किल डेवलपमेंट पर जोर दे रही है। हर आदमी को हुनर सीखने की जरूरत है ताकि आगे बढ़ सके। 8 साल में करीब 6 लाख से ऊपर लोगों को प्राइवेट रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अग्निवीर योजना से 4 साल की नौकरी करके आने वाले युवाओं को गारंटी नौकरी देने की घोषणा की है। भ्रष्टाचार पर की चोट मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमने भ्रष्टाचार पर चोट की है। भ्रष्टाचार समाज का दुश्मन है। इसे खत्म करने के लिए हमने ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की है। भ्रष्टाचार करने वालों को सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। फिर चाहे वह नेता हो, कर्मचारी हो या समाज का बड़ा आदमी हो। भ्रष्टाचार को हरियाणा में रहने नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज परिवार पहचान पत्र के माध्यम से किसी को राशन कार्ड बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने की जरुरत नहीं है। इसी तरह बुढ़ापा पेंशन के लिए पात्र होने पर स्वयं उसकी पेंशन बन जाएगी। जाति आधारित सर्टिफिकेट महज एक क्लिक से निकाला जा सकता है।


Top News view more...

Latest News view more...