यूक्रेन के मंत्री ने एलन मस्क से लगाई मदद की गुहार, दुनिया के सबसे अमीर शख्स ने दिखाई अपनी दरियादिली
russia ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है। यूक्रेन लगातार रूसी सैनिकों के हमले सह रहा है। इसकी वजह से यूक्रेन में तबाही का आलम है। इस बीच दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क (Elon Musk) यूक्रेन की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।
यूक्रेन की ओर से गुहार लगाए जाने के बाद एलन मस्क ने वहां इंटरनेट सेवा देना शुरू कर दिया है। एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स की स्टारलिंक सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवा (SpaceX Starlink Satellite Broadband) यूक्रेन में एक्टिव हो गई है।
यूक्रेन के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन मंत्री माईखाइलो फेडोरोव (Mykhailo Fedorov) ने अरबपति एलन मस्क (Elon Musk) से यूक्रेन को स्टारलिंक सेवाएं प्रदान करने का आग्रह किया था। यूक्रेन के मंत्री फेडोरोव ने एलन मस्क से कहा था कि आपके रॉकेट जहां सफलतापूर्वक अंतरिक्ष से धरती पर लैंड कर रहे हैं, आप मंगल ग्रह पर बसना चाहते हैं तो वहीं रूसी रॉकेट यूक्रेन पर कब्जा करने की कोशिश में आम नागरिकों और सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहे हैं।
उन्होंने मस्क से अनुरोध किया कि हमें स्टारलिंक स्टेशन की सेवा मुहैया कराई जाए ताकि रूसी राष्ट्रपति की ओर से कराए जा रहे हमले का सामना किया जा सके। यूक्रेन के मंत्री के जवाब में एलन मस्क ने ट्वीट करते हुए कहा कि स्टारलिंक इंटरनेट सर्विस अब यूक्रेन में सक्रिय हो गई है। यूक्रेन के आग्रह के बाद एलन मस्क ने पहल करते हुए स्टारलिंग सेवा को यूक्रेन (Ukraine) में एक्टिव कर दिया। एलन मस्क ने कहा है कि इस रूट में और टर्मिनल जोड़े जा रहे हैं।
क्या है स्टारलिंक इंटरनेट सर्विस
स्टारलिंक 2000 से अधिक उपग्रहों का एक समूह संचालित करता है जिसका मकसद पूरी धरती पर इंटरनेट पहुंच प्रदान करना है। कंपनी ने शुक्रवार को और 50 स्टारलिंक उपग्रहों को लॉन्च किया और कई और उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया जाना है।
बता दें कि यूक्रेन पर रूसी हमले के चौथे दिन रूसी सेना ने यूक्रेन के दक्षिण और दक्षिण पूर्व के दो शहरों को घेरने का दावा किया है। गौरतलब है कि शनिवार को रूस ने बड़ी घोषणा करते हुये कहा था कि अब यूक्रेन पर हमले और तेज किये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि रूस अब यूक्रेन पर चारों तरफ से हमला करेगा। रूस ने कहा था कि उसने पहले कीव पर हमले धीमे कर दिये थे। वहीं यूक्रेन को पश्चिमी देशों से आर्थिक और सैन्य सहायता मिलने के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव समेत यूक्रेन के तमाम शहरों पर रूस ने अपने हमले तेज कर दिये हैं।