दिल्ली में 60 झुग्गियां आग में जलकर राख, 7 लोगों की जिंदा जलने से मौत
दिल्ली में बीती रात गोकुलपुरी में झुग्गियों में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। इस घटना में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। घटना आधी रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद 13 फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। यह घटना गोकुलपुरी के पिलर नंबर 12 के आस-पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आकर 60 झुग्गियां खाक हो गई। वहीं शवों को पहचान के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि सुबह सुबह ये दुखद समाचार सुनने को मिला है। मैं स्वयं वहां जाकर पीड़ित लोगों से मिलूंगा।
उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने गोकलपुरी की झुग्गियों में लगी आग में हुई मौतों पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना दर्दनाक और हृदय को झकझोर देने वाली है। सांसद होने के नाते मैं हर पीड़ित के परिवार के साथ खड़ा हूं। भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के दुख का भागीदार है।
सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि पूरी घटना की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की न्यायिक जांच कराई जाए। मृतकों के परिजनों को तुरंत एक 1 करोड़ रुपए की सहायता की घोषणा की जाए। घायलों के अच्छे इलाज की व्यवस्था की जाए और सभी पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए।