संजय सिंह की गिरफ्तारी: पुलिस ने AAP प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए की पानी की बौछारें, छोड़े आंसू गैस के गोले
ब्यूरो: पुलिस ने आज यानि गुरुवार को बैरिकेड तोड़ने और पंजाब भाजपा कार्यालय को घेरने का प्रयास कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार और आंसू गैस के गोले का सहारा लिया। आप कार्यकर्ता दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपनी पार्टी के नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान आप सदस्यों ने संजय सिंह की गिरफ्तारी पर असंतोष व्यक्त करने के लिए एक पुतला आग के हवाले कर दिया। यह गिरफ्तारी दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद हुई।
आपको बता दें कि आप नेताओं और स्वयंसेवकों को पंजाब भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए थे। जब पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं सहित प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पहले मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह विपक्षी आवाजों को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को प्रधानमंत्री पर विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने के लिए ईडी का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिंह की गिरफ्तारी को "पूरी तरह से अवैध" माना और कहा कि 2024 के आम चुनावों से पहले और अधिक विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी को 2024 के लोकसभा चुनावों में हार की संभावना का सामना कर रही पार्टी द्वारा "आखिरी हताश प्रयास" बताया।
- PTC NEWS