कीव में भारतीय छात्र को लगी गोली, युद्ध प्रभावित क्षेत्र से बाहर निकलने की कर रहा था कोशिश
russian ukraine war: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में भारत को भी जख्म मिल रहे हैं। अब भारत के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। रूसी हमलों के बीच यूक्रेन की राजधानी कीव से लौट रहे एक भारतीय छात्र को गोली लगी है।घायल छात्र को आधे रास्ते से ही इलाज के लिए वापस कीव ले जाया गया है।
नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है। सिंह, इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है। उसे वापस कीव ले जाया गया है। युद्ध में ऐसा होता है।’’
सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है।
यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग के बीच पहले ही 2 भारतीय छात्रों की मौत हो चुकी है।1 मार्च को यूक्रेन के खारकीव में रूस ने हवाई हमला किया था।इसमें कर्नाटक के रहने वाले नवीन शेखरप्पा नामक छात्र की मौत हो गई थी।इसके बात विदेश मंत्रालय ने कहा था कि वे छात्र के शव को भारत लाए जाने की कोशिश कर रहे हैं।
2 मार्च को भी यूक्रेन में एक भारतीय छात्र की मौत हुई थी।मृतक चंदन जिंदल पंजाब का रहने वाला था और 4 साल पहले मेडिकल की पढ़ाई करने यूक्रेन गया था। वह 2 फरवरी को अचानक बीमार पड़ गया था। इसके बाद उसे आईसीयू में एडमिट करवाया गया था। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने कहा था कि चंदन की मौत नेचुरल डैथ है। यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास हमारे नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करता रहा है। दूतावास ने इससे पहले किसी भी हालत में कीव और खारकीव छोड़कर कहीं और पहुंचने की अपील की थी।