प्रयागराज हिंसा के मुख्य आरोपी जावेद पंप के घर पर चस्पा हुआ नोटिस, चलेगा बुल्डोजर!
बीते शुक्रवार को प्रयागराज, सहारनपुर समेत यूपी के कई इलाकों में पत्थरवाजी और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। यूपी सरकार उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। हिंसा में शामिल लोगों की पहचान में पुलिस सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को बारीकी से देख रही है।
शुक्रवार को प्रयागराज के अटाला इलाके में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने जावेद पंप को गिरफ्तार किया था। जावेद पंप को ही इस हिंसा का मास्टरमाइंड पुलिस मानकर चल रही है। जावेद पंप की गिरफ्तारी के बाद अब प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी भी एक्शन में आ गई है। जावेद के घर के बाहर पोस्टर लगा दिए गए हैं।
प्रशासन ने जावेद पंप के परिवार को सुबह 11 बजे तक घर खाली करने को कहा था। घर में रहने वाले सभी लोगों से सामान हटाने के लिए कहा था। माना जा रहा है कि प्रशासन का बुलडोजर प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड के घर पर चलेगा। नोटिस के बाद तय समय पर पुलिस टीम जावेद के घर पहुंच भी गई।
प्रयागराज हिंसा के मास्टरमाइंड कहे जा रहे जावेद अहमद पंप के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए मकान बनवाने का आरोप लगा है। इस मामले में अब प्रशासन की कार्रवाई होने वाली है। पीडीए की ओर से इस संबंध में उसके घर पर नोटिस चिपका दिया गया है। नोटिस में कहा गया है।
जावेद पंप का दो मंजिला मकान करेली के जेके आशियाना कॉलोनी में 1500 वर्गफीट में बना है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण से बिना नक्शा पास कराए इस मकान को बनवाने का आरोप है। बता दें, प्रयागराज हिंसा मामले में अब तक कुल 81 नामजद और 5250 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पकड़े गए उपद्रवियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की तैयारी की गई है।