भिवानी में खनन के दौरान गिरा पहाड़, 20 से 25 लोग मलबे के नीचे दबे...3 शव निकाले गए

By  Vinod Kumar January 1st 2022 02:26 PM -- Updated: January 1st 2022 02:31 PM

भिवानी: तोशाम एरिया में शनिवार सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान एक पहाड़ी दरकने के कारण 20 से 25 मलबे में दब गए। फिलहाल तीन मजदूरों के शव निकाले गए हैं। अभी भी पहाड़ दरकने से गिरी बड़ी बड़ी चट्टानों और पत्थरों के नीचे कई पोकलेन मशीनें, ट्रक और अन्य वाहन भी दबे हुए हैं। वहीं, पहाड़ के गिरे मलबे को हटाने में दिक्कत आ रही है। पुलिस और प्रशासन ने मीडिया के घटनास्थल पर जाने पर पाबंदी लगा दी है। NGT की रोक के कारण तोशाम के डाडम एरिया में खनन कार्य पर रोक थी। शुक्रवार को ही यहां रोक हटने के बाद खनन का काम शुरू किया गया था। शनिवार सुबह 8:30 बजे खनन के दौरान पूरा पहाड़ दरक कर नीचे गिर गया और उसके नीचे करीब 20 से ज्यादा लोग दब गए। Haryana: Two injured, several feared trapped after landslide buries mining vehicles साथ ही मौके पर मौजूद ढुलाई के लिए खड़े ट्रक और खनन में लगी मशीनें भी दब गईं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू करवाया। पहाड़ दरकने के बाद गिरे पत्थरों हटाकर लोगों की तलाश शुरू कर दी है। बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण उन्हें हटाने में दिक्कत आ रही है। पत्थरों को ड्रिल मशीन से काटकर हटाने का प्रयास प्रशासन कर रहा है। दबे व्यक्तियों की संख्या को लेकर अभी कुछ स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है। घटनास्थल से दूर ही आम लोगों को रोका गया है। वहीं कृषि मंत्री जेपी दलाल और भिवानी के SP अजीत सिंह शेखावत अमले के साथ मौके पर पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भिवानी के डाडम हादसे पर दुख जताया है और जिला प्रशासन के साथ मिलकर मुख्यमंत्री खुद रेस्क्यू आपरेशन देख रहे हैं।

Related Post