शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चार मकान जलकर राख

By  Vinod Kumar November 29th 2021 10:53 AM

शिमला: बीती रात शिमला जिले में कुपवी तहसील की ग्राम पंचायत घारचांदना के शराड गांव में आग लगने से चार मकान जल कर राख हो गए। हालांकि इस अग्निकांड में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।

इस आग की घटना में दुला राम, जोभी राम ,सही राम व गूंजी देवी का मकान जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक रात करीब 8:00 बजे सबसे पहले दुला राम के मकान में आग लगी। आग इतनी तेजी से फैली की देखते ही देखते साथ लगे अन्य मकान भी आग की चपेट में आ गए। मकान अधिकतर लकड़ी के बने हुए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस व अग्निशमन दल रात को ही मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन जब तक चौपाल से अग्निशमन दल घारचांदना पहुंचा तब तक सभी मकान जल कर राख हो चुके थे। सूचना के मुताबिक़ अग्निशमन दल दने आग को पूरी तरह से बुझा दिया है। हालांकि प्रशासन की ओर से रात को कोई भी कर्मचारी व अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। इस अग्निकांड में लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस आग लगने के कारणों का जांच कर रही है।

Related Post