चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हुए MMS कांड में चौथे आरोपी की एंट्री, छात्रा के फोन से कई वीडियो रिकवर!

By  Vinod Kumar September 20th 2022 12:08 PM -- Updated: September 20th 2022 12:09 PM

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में एमएमएस कांड के मामले में चौथे आरोपी की एंट्री हुई है। पुलिस रिमांड पर भेजे गए तीनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पुलिस ने छात्रा के मोबाइल से एक दर्जन से ज्यादा वीडियो रिस्टोर किए गए हैं। एमएमएस केस में यूनिवर्सिटी की एक छात्रा, उसका बॉयफ्रेंड सनी मेहता और उसका दोस्त रंकज वर्मा पुलिस रिमांड पर हैं। लड़की के मोबाइल फोन से भी मोहित नाम के एक लड़के से की गई चैटिंग के कुछ स्क्रीनशॉट पुलिस को मिले हैं और लड़की ने बताया है कि वो मोहित से कभी मिली तो नहीं, लेकिन उससे लगातार व्हाट्सएप के माध्यम से कनेक्टेड थी, चैटिंग करती थी और कुछ वीडियोज उसने मोहित नाम के इस लड़के को भी भेजे थे। अब पंजाब पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये मोहित नाम का लड़का कौन है, कहां का रहने वाला है और उसका इस पूरे मामले में क्या रोल है। हिमाचल प्रदेश से पकड़े गए आरोपियों रंकज वर्मा और सन्नी मेहता के भी इस मोहित नाम के युवक से क्या लिंक थे इसकी भी जांच की जा रही है। पंजाब पुलिस सूत्रों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किए गए दोनों ही लड़कों के फोन पर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हुई घटना के बाद से मुंबई और गुजरात के कई नंबरों से कॉल आए हैं। अभी तक दोनों ही आरोपी लड़के इन मुंबई और गुजरात से उनके पास लगातार आई कॉल्स को लेकर कोई संतोषजनक जवाब पंजाब पुलिस को नहीं दे सके हैं। इसी वजह से अब पंजाब पुलिस मुंबई और गुजरात से आए हुए फोन कॉल्स के नंबर को आईडेंटिफाई कर रही है और इस मामले में मुंबई और गुजरात पुलिस की मदद भी ली जा सकती है। जानकारी ये भी है कि आरोपी लड़कों ने कुछ व्हाट्सएप ग्रुप बना रखे थे और इन व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी कई वीडियोज इन ग्रुप्स में शेयर किए जाते थे और ग्रुप्स के अन्य मेंबर्स इन वीडियोज को आगे फॉरवर्ड कर देते थे। ये मेंबर्स कौन थे और इन व्हाट्सएप ग्रुप में कितने लोग शामिल थे इस बात की भी जांच पंजाब पुलिस कर रही है।

Related Post