हरियाणा पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, बड़ा जखीरा किया बरामद

By  Vinod Kumar July 17th 2022 03:06 PM

पलवल/गुरुदत्त: होडल पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। हथियारों की खरीद-फरोख्त में भारी मात्रा में अवैध हथियार सहित पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के जिला बड़वानी में स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा था। फैक्ट्री से पुलिस ने अवैध हथियार बनाने के उपकरण सहित डेढ़ दर्जन औजार बरामद किए है।

होड़ल अपराध जांच शाखा प्रभारी जंगशेर सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को उनकी टीम ने एक मुखबिर की सूचना पर होड़ल के डबचिक मोड़ से दो आरोपियों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से पुलिस ने 35 देसी पिस्टल, 6 देसी कट्टे कुल 41 अवैध हथियार सहित 11 मैगजीन अलग से बरामद की थी।

यह आरोपी अवैध हथियार मध्य प्रदेश से लेकर आए थे और उटावड़ का नगला थाना कोसीकला, पलवल, मेवात और दिल्ली में उन्हें यह सप्लाई करने थे, लेकिन पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहपुरा थाना सेंधवा जिला बड़वानी मध्य प्रदेश निवासी किलोर सिंह व जाम सिंह के रूप में हुई थी। बरामद अवैध हथियार के स्रोत एवं नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके 7 दिन के रिमांड पर लिया था। उन्होंने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर मध्य प्रदेश में स्थित उनकी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए अवैध हथियार बनाने के उपकरण सहित डेढ़ दर्जन औजार बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपियों की फैक्ट्री से भट्टी मैगजीन एवं पिस्टल बनाने के अलग-अलग उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह आरोपी इन अवैध हथियारों को यूपी निवासी आरिफ़ उर्फ चुररी व नौ गांव यूपी निवासी कुलदीप को सप्लाई करता थे और वह अवैध हथियारों को आगे सप्लाई करते थे। फरार चल रहे हो इन दोनों आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही इन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पकड़े गए दोनों आरोपियों को रिमांड अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Related Post