गीता जयंती समारोह के समापन पर 18 हजार बच्चों ने किया गीता पाठ, 75 हजार बच्चे ऑनलाइन जुड़े

By  Vinod Kumar December 4th 2022 04:22 PM

कुरुक्षेत्र: अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती समारोह के समापन अवसर पर  थीम पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल 18000 बच्चों के सामूहिक वैश्विक गीता पाठ का गवाह बने, जबकि 75000 बच्चे ऑनलाइन माध्यम से इस वैश्विक गीता पाठ में जुड़े।

मंच पर मुख्यमंत्री के साथ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सैनी विधायक सुभाष सुधा और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार कॄष्ण बेदी व भारत भूषण भारती भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गीता की प्राकृतिक स्थली ज्योतिसर में हवन यज्ञ में भी डाली आहुति डाली।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी है। भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिया गया गीता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना हजारों साल पहले प्रासंगिक था, गीता के सार्वभौमिक ज्ञान और ख्याति में बढ़ोतरी हो रही है। आज वैश्विक गीता पाठ से दूषित वातावरण ठीक करने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कहा कि उन्होंने गीता के एक श्लोक 'कर्मण्येवाधिकारस्ते मां फलेषु कदाचन' को अपने जीवन में आत्मसात किया और यही कारण है कि वह आज प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ज्योतिसर तीर्थ का अवलोकन करने के उपरांत भगवान श्रीकृष्ण के विराट स्वरुप के भी दर्शन किए। यहां पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों से ज्योतिसर में बन रहे महाभारत थीम और अन्य प्रोजोक्ट के बारे में फीडबैक ली। मुख्यमंत्री ने फीडबैक के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रोजैक्ट को जल्द पूरा किया जाए।

Related Post