शादी समारोह में दो सगी बहनों के चेहरे पर गिरा तेजाब, हालत गंभीर

By  Vinod Kumar November 26th 2022 11:57 AM

कानपुर/ज्ञानेंद्र शुक्ला: जुही परमपुरवा इलाके में दो सगी बहनों पर तेजाब गिरने का मामला सामने आया है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

कानपुर के जूही में गुरुवार रात एक घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। इस दौरान नाच-गाना चल रहा था। डांस करती महिला ने हाथ में एक बोतल उठा रखी थी। बोतल के अंदर तेजाब भरा था। महिला डीजे पर बज रहे गाने के दौरान बोतल को अपने सिर के ऊपर से घुमा रही थी। हालांकि महिला इस बात से अनजान थी की बोतल में तेजाब भरा है। महिला ने बोतल को जैसे ही जमीन पर पटका तेजाब के छींटे पास बैठी दोनों सगी बहनों के चेहरे पर जा गिरे। चेहरे पर तेजाब गिरते ही बहां हड़कंप मच गया।  

दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों सगी बहनें यास्मीन और शाहीन मोहल्ले के कार्यक्रम में शामिल होने गईं थीं। स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहल्ले में अतीक के बेटे बबलू और बेटी सलमा की शादी का कार्यक्रम था। इसमें नाच-गाना चल रहा था। इसमें अतीक की छोटी बहू रूबीना हाथ में तेजाब की बोतल लेकर नाच रही थी। इस दौरान बोतल का ढक्कन खुल गया और तेजाब दोनों बहनों के चेहरे पर गिर गया।

रात करीब 12:20 पर परिजन दोनों को आनन फानन में हैलट लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर रेफर कर दिया। दोनों को गुरू तेगबहादुर सिंह चैरिटेबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Related Post