हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से शीतलहर, केलंग में माइनस 7.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

हिमाचल की राजधानी शिमला समेत ऊपरी इलाकों बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से शीत लहर बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज भी बर्फबारी और बारिश की संभावना व्यक्त की है, जबकि आने वाले 4 दिनों में धुंध और शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया है। रोहतांग पास में एक फीट से ज्यादा ताजा बर्फबारी, बारालाचा में डेढ़ फीट हिमपात दर्ज किया गया है। बर्फबारी से नदियां, नाले, झीलें जम चुकी हैं।

By  Vinod Kumar January 14th 2023 03:57 PM

शिमला/पराक्रम चंद: हिमाचल की राजधानी शिमला समेत ऊपरी इलाकों बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से शीत लहर बढ़ गई है। करीब दो महीने से चले आ रहे सूखे को बारिश-बर्फबारी ने समाप्त किया है। बारिश बर्फबारी से बागवानों और किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। इसके साथ ही पर्यटन कारोबारियों को भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। 

राजधानी शिमला सहित, कुफरी, नारकंडा, खड़ा पत्थर, चौपाल, रोहडू, चांशल, नारकंडा, लाहौल स्पीति, लोसर, रोहतांग टनल, कुंजुमपास, बारालाचा, लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के पांगी, भरमौर के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी में बर्फ की मोटी परत बिछ गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश की बौछारें गिरी हैं। बर्फबारी व बारिश से समूचा प्रदेश शीत लहर की चपेट में है।

मौसम विभाग ने आज भी बर्फबारी और बारिश की संभावना व्यक्त की है, जबकि आने वाले 4 दिनों में धुंध और शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया है। रोहतांग पास में एक फीट से ज्यादा ताजा बर्फबारी, बारालाचा में डेढ़ फीट, जलोड़ी पास में 8 इंच, चंद्रखणी 6 इंच ताजा बर्फबारी हुई। चंबा के पांगी, भरमौर और सलूणी में भी 4 से 6 इंच ताजा बर्फ हुई है। बर्फबारी से नदियां, नाले, झीलें जम चुकी हैं।

ताजा बारिश व बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में हैं, क्योंकि तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। शिमला का न्यूनतम तापमान 0.6 चल रहा है।  केलांग, मनाली, कुफ़री, कल्पा औऱ नारकंडा में तापमान माइनस में पहुंच गया है। सबसे कम तापमान केलंग में माइनस 7.2 डिग्री दर्ज किया गया है।

ताजा बर्फबारी व बारिश से किसानों बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। बर्फबारी से पर्यटन उद्योग को भी फ़ायदा मिलने की उम्मीद बंधी है। शिमला पहुंचे पर्यटकों का कहना है की खराब मौसम की संभावना को देखते हुए ही वह शिमला पहुंचे थे। यहां बर्फबारी देखकर मजा आ रहा है। 


Related Post