कांग्रेस नेता राजा पटेरिया गिरफ्तार, पीएम मोदी की हत्या करने करने की कही थी बात

By  Vinod Kumar December 13th 2022 11:45 AM

मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजा पटेरिया को मध्यप्रदेश के दमोह के हट्टा से सुबह करीब 5.30 बजे गिरफ्तार किया गया। राजा पटेरिया ने पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था। बीते कल कांग्रेस नेता राजा पटेरिया का एक कथित वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में राजा पटेरिया मोदी की हत्या के लिए तैयार रहने को कह रहे हैं।

वीडियो के बारे में सफाई देते हुए उन्होंने बाद में कहा था कि उनका मोदी की हत्या से मतलब मोदी को हराने से था। उन्होंने जो बोला वो उनसे फ्लो में निकल गया था। वीडियो वायरल होने के बाद राजा पटेरिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। आज उन्हें इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।

राजा पटेरिया का कथित तौर पर जो वीडियो सामने आया है, वीडियो में वो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि मोदी चुनाव खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा, दलितों, आदिवासियों के अलावा अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है, यदि संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहो। बाद में वो बात को घुमाते हुए कहते हैं कि हत्या का मतलब हार से है। 

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि मैंने उनके बयानों को सुना है, उससे साफ होता है कि यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है ये इटली की कांग्रेस है और इटली की मानसिकता मुसोलिनी की है। बता दें कि राजा पटेरिया पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। एक वीडियो में वो आदिवासियों को भड़काते हुए नजर आए थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि आदिवासियों को न्याय नहीं मिलेगा तो उन्हें हथियार उठाने पड़ेंगे।  


Related Post