MP के खरगोन जिले में बस दुर्घटना में अब तक 22 लोगों की मौत, कई हुए घायल

मध्य प्रदेश के खरगोन में आज यानि मंगलवार सुबह 8.40 बजे एक बस 50 फीट ऊंचे पुल से गिर गई। हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो गई।

By  Rahul Rana May 9th 2023 12:11 PM -- Updated: May 9th 2023 01:26 PM

ब्यूरो : मध्य प्रदेश के खरगोन में आज यानि मंगलवार सुबह 8.40 बजे एक बस 50 फीट ऊंचे पुल से गिर गई। हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो गई है।  दुर्घटना तब हुई जब बस खरगोन से इंदौर जा रही थी, और प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि बस लगभग 50 फीट की ऊंचाई से गिर है।  पुलिस और बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान चला रहे हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।



एसपी खरगोन धरम वीर सिंह के मुताबिक, हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हुए हैं। दर्दनाक बस हादसे के बाद नदी से कई शव निकाले गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बताया जा रहा है कि मां शारदा ट्रेवल्स द्वारा संचालित निजी बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

हालांकि, हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे। मध्य प्रदेश सरकार ने खरगोन बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।



ट्विटर पर कई यूजर्स द्वारा शेयर किए गए विजुअल्स में एक निजी बस नदी के तल पर पड़ी हुई दिखाई दे रही है। जिसमें स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी राहत और बचाव कार्य कर रहे हैं। इस दुखद घटना में शामिल सभी यात्रियों और कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल बचाव अभियान जारी है। 

Related Post