प्रेम में मिले धोखे ने ली कानपुर में दरोगा की जान! 4 दिन पहले खाया था जहर

By  Vinod Kumar November 15th 2022 12:37 PM

कानपुर: जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले दरोगा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कानपुर में तैनात दरोगा अनूप सिंह ने चार दिन पहले जहर निगल लिया था। आनन फानन में पुलिसकर्मियों ने इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। आज सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने आनन-फानन में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को पैतृक गांव जालौन लेकर रवाना हो गए। जालौन में मृतक दरोगा अनूप सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा। आपको बता दें कि तकरीबन 2 महीने पहले अनूप सिंह बिधनू थाने से सस्पेंड किए गए थे। उन पर वसूली के लिए एक परिवार को पीटने का आरोप लगा था।

बीती 10 नवंबर को अनूप सिंह ने संदिग्ध अवस्था में जहरीला पदार्थ खा लिया। इसकी जानकारी जब उनके साथी पुलिसकर्मियों को हुई तो उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक दरोगा के परिजन फिलहाल मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। 

वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है दरोगा के जहर खाने के कारणों का पता लगाया जाएगा। गौरतलब है कि दरोगा अनूप सिंह के जहर खाने के पीछे एक तरफ प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है तो वहीं, दूसरी ओर विभागीय प्रताड़ना के आरोप भी लग रहे हैं। परिजनों के कुछ नहीं बोलने की वजह से मामला संदिग्ध बना हुआ है। 

वहीं पुलिस के अधिकारी जांच के नाम पर मामले को ठंडा करने में जुट गए हैं। वहीं, ये भी बताया जा रहा है कि दरोगा के महिला सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग था। धोखे मिलने के बाद दरोगा ने आत्महत्या की है। हालांकि अभी जांच में कुछ भी साफ नहीं हो पाया है।

Related Post