आज भी उत्तर भारत में घना कोहरा, दिल्ली में दर्ज किया गया सबसे ठंडा दिन

दिल्ली में ठंड ने गुरुवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। दिल्ली में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। यह सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस इसके साथ ही लोधी रोड में तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

By  Vinod Kumar January 5th 2023 10:48 AM -- Updated: January 6th 2023 10:40 AM

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के कारण जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई राज्यों में कोहरे के कारण सूर्य के दर्शन ही दुर्लभ हो गए हैं। इसके साथ ही घने कोहरे के कारण तापमान लगातार लुढ़क रहा है। दिल्ली में ठंड ने गुरुवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

दिल्ली में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। यह सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया है। दो साल बाद आज दिल्ली में सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया है। इससे पहले 2021 में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस इसके साथ ही लोधी रोड में तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण  मौसम विभाग ने दिल्ली में कड़ाके की ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 6 और 7 जनवरी को सर्दी और बढ़ जाएगी।  

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक उत्तर भारत में घने से बहुत घना कोहरा और शीतलहर (cold wave) बनी रहेगी। अगले आने वाले 2-3 दिनों में उत्तराखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की बारिश हो सकती है।बता दें कि देश के कई इलाकों में घना कोहरा कहर बरपा रहा है. 

वहीं, आज भी उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में घना कोहरा नजर आ रहा है। यूपी, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में कोहरे से लोग परेशान  हैं। मौसम विभाग के मुताबिक कोहरे से फिलहाल राहत की उम्मीद कम है। मैदानी इलाके कोहरे में लिपटे नजर आ रहे हैं। कोहरे के कारण रेल और विमान संचालन प्रभावित हो रहा हैं। वहीं, पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी का सिलसिला जारी है।


Related Post