लखनऊ में महिला की गला रेत कर हत्या, खेतों में पड़ा मिला शव

By  Vinod Kumar October 30th 2022 01:54 PM

लखनऊ/जयकृष्णा: राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। एडीसीपी उत्तरी अभिजीत ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए दो टीमों को लगाया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के खौजी पुरवा गांव की है। जहां 50 वर्षीय साहिदा बानो की गला रेत कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह करीब 8 बजे परिजनों ने पुलिस को हत्या की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी समीरूद्दीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

मृतक महिला के परिजनों के मुताबिक समीरूद्दीन मानसिक तौर पर विक्षिप्त है। शनिवार रात घर के बाहर किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था, जिसके बाद ही उसने मौका पाकर घटना को अंजाम दिया। महिला रविवार को भोर सुबह खेत में काम करने गई थी, जहां आरोपी समीरूद्दीन ने महिला पर हमला बोल दिया। महिला के विरोध करने पर हत्या कर दी। 

घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह घर में मौजूद नहीं मिला। पुलिस की पड़ताल में पुरानी रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक आरोपी ने शनिवार शाम करीब 5 बजे हुए विवाद के बाद जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद रविवार सुबह मौका पाकर साहिदा बानो की बांके से गला रेत कर हत्या कर दी। 

घटना स्थल पर साहिदा की चप्पल दूर पड़ी मिली और बांका पास में ही पड़ा था। इससे साफ है कि हत्या के पहले दोनों के बीच संघर्ष हुआ और साहिदा के शोर मचाने पर पकड़े जाने के डर से बांका मौके पर ही छोड़कर भाग गया।

पुलिस उपायुक्त उतरी, एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि रजौली के खौजी पुरवा निवासी 50 वर्षीय साहिदा बानो की हत्या की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी साक्ष्यों को एकत्र कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है‌। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Post