हिमाचल प्रदेश: मंडी में मकान पर गिरा पहाड़ी का मलबा, 2 बच्चों के शव बरामद...6 की तलाश जारी

By  Vinod Kumar August 20th 2022 03:02 PM

हिमाचल में मंडी जिला के गोहर में पहाड़ी के दरकने से काशन पंचायत के जड़ोंन गांव में एक ही परिवार के 8 सदस्य मलबे में दब गए। मलबे से एक महिला व 2 बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 6 लोग अभी भी मलबे में दबे हुए। बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद पूरा परिवार घर पर सो रहा था। आधी रात को भारी बारिश के बीच घर के पीछे की पहाड़ धंस गई और मलबा 2 मंजिला मकान में जा घुसा। पूरा परिवार मलबे में दब गया।

स्थानीय लोग स्वयं जमींदोज हुए मकान के लेन्टर का तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मलबे को हटाने में मुश्किलें पेश आ रही हैं। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान ने बताया कि वह ग्रामीणों के सहयोग से लेन्टर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मकान के पहली मंजिल में लेन्टर तथा दूसरी मंजिल में चादरें डाली गई थी।

वहीं, मंडी के कटौला के बागी नाले में एक गाड़ी पानी के तेज बहाव में बह गई। कार में छह लोग सवार थे। 15 साल की लड़की का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि पांच की तलाश जारी है। मंडी-चंबा जिले में कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हमीरपुर में 10 से 12 घर नदी में डूब गए। इनमें फंसे 19 लोगों को रेस्क्यू किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक मंडी जिला के क्षेत्रों में अचानक सुबह भारी बाढ़ आई गई। बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी, धर्मपुर और लंबाथाच समेत कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। मलबे को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, चंबा जिले में शुक्रवार रात हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई। चंबा के भटियात उपमंडल के चुडाना गांव में बारिश के कारण बहकर आया मलबा सीधे मकान में आ घुसा। मलबे में दबने से पति-पत्नी व एक बच्चे की मौत हो गई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे शवों को बाहर निकाला।

हिमाचल में भारी बारिश के चलते कई मकान-पशुशालाएं जमींदोज हो गई हैं। शुक्रवार से लेकर अब तक चंबा में 3, मंडी में 10 और कांगड़ा के शाहपुर में मकान गिरने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 24 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसी के चलते मंडी प्रशासन ने आज स्कूलों को बंद रखा है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान लगाया है।

Related Post