राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अटल टनल का बताया देश का गौरव, कहा: ये इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना

By  Vinod Kumar June 11th 2022 05:20 PM

मनाली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने आज मनाली स्थित अटल टनल रोहतांग का दौरा किया। इस अवसर पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उनके साथ उपस्थित थे। अटल टनल मनाली को दुर्गम लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ती है।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के सिसु हेलीपैड आगमन पर उनका राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को पारम्परिक थंका पेंटिंग भेंट की। अटल टनल के साउथ पोर्टल पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), प्रोजेक्ट योजक के मुख्य अभियन्ता जितेंद्र प्रसाद ने अटल टनल के निर्माण और मनाली-लेह मार्ग पर भविष्य में बनने वाली अन्य महत्वपूर्ण सुरंगों के निर्माण के बारे में भी जानकारी दी।

राष्‍ट्रपति ने अटल टनल के निर्माण को इंजीनियर‍िंग का बेजोड़ नमूना बताते हुए इसे देश का गौरव कहा। अटल सुरंग का दौरा करने के बाद कोविंद ने इसके निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सुरंग देश के भविष्य से जुड़ी हुई है।

हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में 13,058 फुट ऊंचे पहाड़ के नीचे बनी अटल सुरंग रोहतांग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन अक्टूबर, 2020 को किया था। यह सुरंग हर मौसम में खुली रहती है। यह टनल अपनी खूबियों के लिए जानी जाती है।

टनल में 150 मीटर दूरी पर टेलीफोन कनेक्शन और 60 मीटर की दूरी पर फायर हाइड्रेंट सिस्टम, 250 मीटर दूरी पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर किलोमीटर की दूरी पर वायु गुणवत्ता निगरानी, 25 मीटर पर निकासी प्रकाश/निकासी इंडिकेटर पूरी टनल में है। इसके अलावा और अन्य कई सुविधाएं इस टनल के अंदर हैं।

Related Post