एचआरटीसी बस को निजी बस ने मारी जबरदस्त टक्कर, कई लोग हुए घायल

By  Vinod Kumar June 21st 2022 04:15 PM

हरियाणा के पानीपत में हिमाचल परिवहन निगम(HRTC) की एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में तकरीबन 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं, कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में 30 से अधिक लोग सवार बताए जा रहे थे।

इस हादसे में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एचआरटीसी की ये बस धर्मशाला से दिल्ली जा रही थी। पानीपत में नेशनल हाइवे पर समालखा के पास सुबह सवारियां उतार रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक निजी बस ने इसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क की डिवाइडिंग ग्रिल को तोड़ते आगे दूसरी ओर एक डंपर से भी जा टकराई।

इस हादसे के बाद सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया। हादसे में एक दर्जन से ज्यादा सवारियां घायल हो गई हैं। टक्कर के बाद चंडीगढ़ की तरफ से आई निजी बस का ड्राइवर मौके से भाग गया। दोनों बसों में करीब 60 से ज्यादा सवारियां मौजूद थीं। टक्कर के बाद बस में चीख पुकार मच गई। किसी तरह घायलों को बस से बाहर निकला गया। बस के पुर्जे सड़क पर बिखर गए।

सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू किया। कुछ घायलों को पानीपत सिविल अस्पताल और कुछ को स्थानीय निजी अस्पताल भी पहुंचाया गया। कुछ लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, कुछ लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Related Post