रामबन टनल हादसा: चार शव बरामद, अभी भी मलबे के नीचे दबी जिंदगियों की तलाश जारी

By  Vinod Kumar May 21st 2022 04:24 PM -- Updated: May 21st 2022 04:25 PM

रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे पर खूनी नाला के पास निर्माणाधीन सुरंग से अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। शनिवार को तीन शव बरामद किए गए हैं। एक शव गुरुवार की रात हादसे के बाद मिला था। सुरंग के भीतर अभी भी छह से सात लोगों के फंसे होने की आशंका है। अंदर फंसे लोगों की जान बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

सेना के साथ NDRF, SDRF के अलावा पुलिस, सिविल क्विक एक्शन टीम और प्रशासन के अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। बता दें कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन फोरलेन सुरंग का एक हिस्सा गुरुवार देर रात खूनी नाले के पास ढह गया था। मलबा गिरने से कई लोग सुरंग के अंदर फंस गए थे। कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन 9 से 10 लोग सुरंग के अंदर फंस गए थे। अब तक 4 शव बरामद कर लिए गए हैं।

लापता मजदूरों में पांच पश्चिम बंगाल, दो नेपाल, दो जम्मू-कश्मीर और एक असम का रहने वाला बताया जा रहा है। ये हादसा उस समय हुआ जब लोग सुरंग के अंदर टी-3 प्वाईंट पर ऑडिट कर रहे थे। सुरंग के अंदर फंसे लोग सुरंग के ऑडिट का काम करने वाली कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार शाम घटनास्थल के पास ही चट्टाने के खिसकने से भूस्खलन हो गया। इस दौरान दो मशीनें मलबे के नीचे दब गईं। भूस्खलन के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे रेस्क्यू ऑपरेशन फिर से शुरू किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के जवान फौरन मौके पर पहुंच गए थे। प्रशासन और पुलिस अधिकारी हादसे के बाद से ही लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

Related Post