वृंदावन बांके बिहारी मंदिर में मंगला आरती के समय मची भगदड़, 2 लोगों की मौत...कई लोग घायल

By  Vinod Kumar August 20th 2022 11:41 AM

कृष्ण जन्माष्टमी पर देर रात वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान मंगला आरती के समय भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। मंदिर में भगदड़ मचने से कुछ लोग भीड़ के नीचे दब गए। इससे दो लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

बता दें कि बाकेंबिहारी मंदिर में साल में एक बार कृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती होती है। मंगला आरती में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। कल रात भी श्रद्धालुओं का भारी सैलाब मंदिर में उमड़ा था। 20 अगस्त की सुबह 1:45 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही एग्जिट प्वाइंट गेट नंबर 1 से श्रद्धालुओं की एंट्री होने लगी। गलत एंट्री के कारण बाहर जाने का रास्ता बंद हो गया।

रास्ता बंद होने से मंदिर में भीड़ ज्यादा हो गई। भीड़ ज्यादा होने से लोगों का दम घुटने लगा। इसी दौरान भगदड़ मचने से कुछ लोग नीचे गिर गए। भीड़ नीचे गिरे लोगों के ऊपर चढ़ गई और 2 लोगों की मौत हो गई। भगदड़ में कई लोग घायल भी हुए हैं। हादसे में नोएडा सेक्टर 99 निवासी महिला निर्मला देवी जबलपुर के राम प्रसाद विश्वकर्मा की मौत हुई है।

एक अनुमान के मुताबिक मंगला आरती के दर्शन के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे। मंदिर परिसर में पैर रखने के लिए भी जगह नहीं थी। बांके बिहारी मंदिर की गलियों में भी भारी भीड़ थी।

बताया जा रहा है कि डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त सहित भारी पुलिस बल हादसे के समय मंदिर में ही मौजूद था। हादसा होते ही पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों ने बेहोश हो रहे श्रद्धालुओं को मंदिर से बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को वृंदावन में ही राम कृष्ण मिशन, ब्रज हेल्थ केयर और सौ शैय्या अस्पताल इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।

 

Related Post