Himachal Pradesh में आज एक्टिव हो सकता है वेस्टर्न डिस्टरबेंस, पहाड़ों पर हल्के हिमपात की संभावना
ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश में आज वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है। इससे आज व कल लाहौल स्पीति और किन्नौर के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के ज्यादातर भागों में मौसम साफ रहने या हल्की बूंदाबांदी के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने छह जिलों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के मंडी, बिलासपुर, कुल्लू, हमीरपुर, ऊना और सोलन जिले के भी कुछेक क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। इससे विजिबिलिटी कम होगी। इसे देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी के साथ वाहन चलाने की एडवाइजरी दी है।
वहीं देशभर से टूरिस्ट बर्फ देखने की चाहत में पहाड़ों पर पहुंच रहा हैं। मगर लाहौल स्पीति के कोकसर व सिस्सू और कुल्लू के रोहतांग को छोड़कर प्रदेश में अभी कहीं भी बर्फ नहीं है। शिमला और मनाली जैसे दुनियाभर में मशहूर पर्यटन स्थलों पर बर्फ देखने के लिए अभी इंतजार करना होगा। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की माने तो प्रदेश में WD कमजोर पड़ रहा है। इससे अच्छी बर्फबारी की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि आज व कल जरूर ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है। मगर अच्छी बर्फबारी की 10 दिसंबर तक संभावना नजर नहीं आ रही है।
-