हरभजन सिंह-राघव चड्ढा को राज्यसभा भेजेगी AAP, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के नाम पर भी मुहर
पंजाब (Punjab) विधानसभा चुनाव (Assembly elections) में प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) अब राज्यसभा (Rajya Sabha) चुनाव की तैयारी में जुट गई है। 31 मार्च को पंजाब की 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। ये पांचों सीटें हाल ही में विधानसभा चुनाव में 92 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी के हिस्से जा सकती है।
21 मार्च को नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख है और आम आदमी पार्टी की ओर से पांचों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी गई है। आप ने दिल्ली से विधायक और पंजाब के पार्टी प्रभारी राघव चड्ढा (MLA Raghav Chadha) को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।
इसके अलावा प्रोफेसर संदीप पाठक और क्रिकेटर हरभजन सिंह भी राज्यसभा के लिए नामांकन भर सकते हैं। संदीप पाठक की बात करें, तो उन्होंने पंजाब में पार्टी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने तीन साल तक लगातार पंजाब में रहकर बूथ लेवल तक संगठन बनाया है। वह आईआईटी में फिजिक्स के जाने माने प्रोफेसर हैं। उन्हें दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान का करीबी माना जाता है। क्रिकेटर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) को भी AAP राज्यसभा भेजने का मूड बना चुकी है।
हरभजन सिंह को भगवंत मान की पसंद माना जा रहा है। हरभजन सिंह भगवंत मान के करीबी रहे हैं और पंजाब में खेलों की स्थिति को सुधारने के लिए आम आदमी पार्टी ने पूर्व क्रिकेटर पर दांव लगाया है। इसके साथ ही लुधियाना के व्यवसायी संजीव अरोड़ा के नाम पर भी मुहर लगाई है। 21 मार्च को नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख है।
इसके साथ ही पार्टी अशोक मित्तल को भी पंजाब से राज्यसभा भेजेगी। आम आदमी पार्टी ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। वह लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर हैं। मित्तल शिक्षा के क्षेत्र में अपने काम और समाज सेवा के लिए जाने जाते हैं।