भिवानी: सीएम मनोहर लाल ने भिवानी में किया 16 परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन

By  Vinod Kumar August 21st 2022 04:35 PM

भिवानी/किशन सिंह: मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने भिवानी जिला के गांव खरकड़ी में पहुंचकर करोड़ों रूपयों की सौगात भिवानी वासियों को दी। मुख्यमंत्री ने भिवानी में 224.56 करोड़ रुपये की लागत की 16 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने 166 करोड़ 56 लाख 5 हजार रुपये की 8 परियोजनाओं का किया शिलान्यास एवं 58 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय मॉडल गोवर्धन परियोजना का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर 5 करोड़ 44 लाख 7 हजार रुपये की लागत आई है।

मुख्यमंत्री ने सौरा डिस्ट्रीब्यूटरी के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस पर 35 करोड़ 47 हजार रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा, उन्होंने गांव पहाड़ी, नकीपुर, बुधशैली, बुढेडी, हसनपुर और मिकी सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इन पर 78 करोड़ 25 लाख 88 हजार रुपये की लागत आएगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जनसभा को सभी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गोधन में आई बीमारी लिंपी से निपटने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इन पशुओं के लिए तीन लाख टीके आ चुके हैं और टीकाकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

राज्य सरकार ने हर पशु को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही बीमारी वाले गोधन की टेस्टिंग कर उन्हें अलग रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंच से आह्वान किया कि जिस प्रकार कोविड के समय बीमारी का ध्यान रखा गया था। ऐसे में पशुओं का लिंपी बीमारी का ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि अगले वर्ष दूध उत्पादन में हरियाणा प्रथम स्थान पर हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन के साथ ही बागवानी क्षेत्र को उन्नत करने की दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान धान की फसल छोडक़र पानी बचाने के लिए अन्य फसलों को अपनाएंगे, उन्हे प्रति एकड़ सात हजार रूपये दिए जाएंगे।

 

Related Post