नीमराना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हांसी में की थी 2 लोगों की हत्या

By  Vinod Kumar August 6th 2022 12:35 PM -- Updated: August 6th 2022 06:31 PM

हांसी/नितिन शर्मा: हरियाणा के हांसी में दो लोगों की हत्या कर फरार हुए बदमाशों और पुलिस के बीच राजस्थान में नीमराना कस्बे के मोतीझील इलाके में मुठभेड़ हो गई। दोहरे हत्याकांड़ के पांच आरोपियों का पुलिस पीछा कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गोलियां चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से व्यस्त बाजार में भगदड़ मच गई।

इस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी, जबकि चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एक बदमाश भागने में कामयाब हो गया। वही हरियाणा पुलिस ने बताया कि बुधवार और बृहस्पतिवार को हांसी में बदमाशों दो हत्याओं को अंजाम दिया और फरार हो गए थे। हरियाणा की सीआई पुलिस को बदमाशों की लोकेशन राजस्थान के नीमराना में पता चली।



बदमाशों का पीछा करते हुए हरियाणा पुलिस नीमराना पहुंची और चारों तरफ से बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने इसके जवाब में पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की फायरिंग के बाद बदमाश इधर उधर भागने लगे, लेकिन हरियाणा की स्पेशल टीम ने 4 बदमाशों को मौके से पकड़ लिया।



पुलिस पकड़े गए चार बदमाशों से पूछताछ कर रही है। बदमाश शनिवार को किसकी हत्या करना चाहते थे और इनकी क्या क्या प्लानिंग थी। इसकी भी जांच पुलिस कर रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू जाट, सचिन, रिंकू और अमरजीत के रूप में हुई है। इन बदमाशों ने 72 घंटे में दो लोगों की हत्या की थी।



बता दें कि हरियाणा के हांसी शहर की आदर्श कॉलोनी में गुरुवार तड़के बदमाशों ने वकील बंटी यादव की मां गीता और पत्नी सुप्रिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह बदमाशों ने ढोलू गुर्जर नाम के डेयरी संचालक पर फायरिंग की। बदमाश वकील के घर से लूटी कार लेकर नीमराना पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपी नीमराना में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।

Related Post