Petrol-Diesel की बढ़ती कीमतों पर बोले हरदीप पुरी: 'दूसरे देशों की तुलना में भारत में महज 5 फीसदी बढ़े दाम'

By  Vinod Kumar April 5th 2022 05:20 PM -- Updated: April 5th 2022 05:55 PM

hardeep singh puri on petrol diesel price: पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इस विषय पर आज जब संसद में सवाल किया गया तो पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जवाब में इसकी तुलना अमेरिका और ब्रिटेन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी से की।

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लोकसभा में दावा किया है कि बाकी देशों के मुकाबले भारत में तेल के दाम काफी कम बढ़े हैं। तेल की बढ़ती कीमतों पर सरकार का बचाव करते हुए पेट्रोलियम मंत्री पुरी ने कहा कि, दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले भारत में तेल के दाम 1/10 बढ़े हैं। अगर अप्रैल 2021 से लेकर मार्च 2022 तक तेल की कीमतों की तुलना करें तो अमेरिका में ये 51%, कनाडा में 52%, यूके में 55%, फ्रांस में 50%, स्पेन में 58% दाम बढ़ाए गए। लेकिन भारत में महज 5% ही दाम बढ़े हैं।

9.20 रुपये बढ़ चुके हैं दाम

बता दें कि 22 मार्च से पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ना शुरू हुई थी। अब तक 13 बार रेट बढ़ाए गए हैं। अभी तक कुल मिलाकर पेट्रोल की कीमतों में 9.20 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को देखते हुए कीमतों में और इजाफा होना तय है। इसका अन्य वस्तुओं की कीमतों पर असर देखने को मिल सकता है और आगे महंगाई बढ़ सकती है।

पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों से आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। मंगलवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई। आज फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतें 80 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई गई हैं। पिछले 15 दिन से पेट्रोल डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।

वहीं, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के चलते केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर हैं। कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ सड़कों पर हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी लोग अपना गुस्सा निकाल रहे हैं।

 

Related Post