पूर्व सैनिक ने मां-बेटे की गोली मारकर की हत्या, जमीन का टुकड़ा था विवाद की जड़

हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में सेना के पूर्व जवान ने जमीनी विवाद में गोली मारकर एक 35 साल के युवक और उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में दो लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें सिविल अस्पताल हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है।

By  Vinod Kumar January 7th 2023 06:15 PM

हमीरपुर/हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में सेना के पूर्व जवान ने जमीनी विवाद में गोली मारकर एक 35 साल के युवक और उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में दो लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें सिविल अस्पताल हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले 35 साल से एक जमीन के टुकड़े के लिए विवाद चल रहा था। केस की सुनवाई एसडीएम कोर्ट सुजानपुर में चल रही थी, लेकिन शुक्रवार को मृतक अपनी मां, पत्नी और पिता के साथ इस जमीन के टुकड़े पर काम कर रहा था। आरोपी ने इन्हें यहां काम करने से रोका, लेकिन काम बंद ना होने पर आरोपी ने छत से दनादन गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से 35 साल के युवक करण कटोच की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उसकी मां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

वहीं, साथ में काम रहे मृतक के पिता और पत्नी छर्रे लगने से घायल हो गए। बता दें कि दोनों परिवारों की आपस में रिश्तेदारी थी, लेकिन यह रिश्तेदारी आज दुश्मनी में बदल चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच कई सालों से दुश्मनी चल रही थी। दोनों आय दिन आपस में झगड़ते रहते थे। पंचायत में भी कई बार मामला रखा गया था, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया था। मामला अभी कोर्ट में चल रहा था।

गोलीबारी से पत्नी और बेटे को खोने वाले अजीत सिंह का परिवार खेती-बाड़ी करके गुजर बसर कर रहा था। अजीत सिंह के मृतक बेटे ने हाल ही में कामकाज के लिए करण सिंह ने एक ट्रैक्टर भी खरीदा था। अजीत सिंह का छोटा बेटा सेना में है।


Related Post