बेटी से रेप के आरोपी पिता को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा, जज के सामने गिड़गिड़ाता रहा आरोपी

By  Vinod Kumar November 25th 2022 01:00 PM

हरियाणा के सिरसा जिले में पॉक्सो एक्ट के तहत फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 12 साल की बेटी से रेप करने के आरोप में दोषी पिता को फांसी की सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने से पहले आरोपी कोर्ट में खूब गिड़गिड़ाया। आरोपी ने कोर्ट में हाथ जोड़कर फांसी की सजा ना देने की गुहार लगाता रहा। आरोपी ने कहा कि उससे बड़ी गलती हुई है, लेकिन उसे फांसी की सजा ना दी जाए।

जज ने आरोपी की ओर देखते हुए कहा कि जो घोर अपराध तुमने किया है, उसके लिए मौत की सजा देना न्याय संगत है। कोर्ट ने दोषी पिता को सजा सुनाते हुए कहा कि जब बेटी बाप के साथ सुरक्षित नहीं तो उसकी सुरक्षा कोई नहीं कर सकता है। इसके साथ ही कोर्ट ने पिता पर 50 हजार का जुर्माना और 5 लाख रुपए का मुआवजा पीड़िता को देने का आदेश दिया है।

बता दें कि 20 सितंबर 2020 को सिरसा के एक गांव में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने बच्ची के पिता के खिलाफ दुष्कर्म व पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार किया गया। 

बच्ची ने शिकायत में कहा था कि, 26-27 सितंबर को पिता ने नशे में मां से झगड़ा कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया और रात में उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन जब बच्ची की मां घर आई तो बेटी ने पिता की इस करतूत के बारे में अपनी मां को बताया। मेडिकल रिपोर्ट में भी बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। 

 


Related Post