सपना चौधरी के खिलाफ लखनऊ की कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वॉरंट, ये है वजह

By  Vinod Kumar August 23rd 2022 11:39 AM

हरियाणा की लोकप्रिय डांसर सपना चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। सपना चौधरी को लखनऊ के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश होने को कहा गया है। एसीजेएम शांतनु त्यागी ने डांसर को गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 30 अगस्त को होगी। सपना चौधरी पर डांस शो के नाम पर लाखों रुपए लेने और कार्यक्रम में ना पहुंचकर पैसे हड़पने का आरोप है। साल 2018 में एक दारोगा ने सपना चौधरी के खिलाफ आशियाना थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया था। शिकायत के मुताबिक 13 अक्तूबर को लखनऊ के स्मृति उपवन में सपना चौधरी की डांस परफॉर्मेंस थी। कार्यक्रम की हजारों के हिसाब से टिकट बिकी थी। सपना चौधरी ने परफॉर्म करने के लिए मोटी रकम ली थी। आरोप है कि एडवांस लेने के बाद सपना इस कार्यक्रम में नहीं पहुंची। इसके कारण कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। सपना ने एडवांस में लिए हुए पैसे भी आयोजकों को नहीं लौटाए। इससे पहले कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत को बढ़ा दिया था। कोर्ट ने उन्हें जमानत को मंजूरी दी थी। सपना ने 10 मई को इस मामले में आत्‍मसमर्पण कर अंतरिम जमानत ली थी। आठ जून को सपना की नियमित जमानत भी सशर्त मंजूर हुई थी। सोमवार को इस मामले में सुनवाई थी, लेकिन सपना कोर्ट में नहीं पहुंची। कोर्ट में अनुपस्थित रहने के लिए भी उन्होंने कोई अर्जी नहीं दी थी और ना ही इसके लिए माफी मांगी थी। इसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया। Finally! Sapna Choudhary shares first picture with her baby boy बता दें कि सपना चौधरी हरियाणा की लोकप्रिय कलाकार हैं। यूपी, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब समेत अन्य राज्यों में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें लाखों फॉलो करते हैं। सपना चौधरी कई हरियाणवी म्यूजिक एलबम में नजर आ चुकी हैं। इसके साथ ही वो बिग बॉस में भी हिस्सा ले चुकी हैं।

Related Post