हिमाचल के कुल्लू में खाई में गिरी बस, 16 लोगों की मौत...मृतकों में स्कूली छात्र भी शामिल

By  Vinod Kumar July 4th 2022 10:40 AM

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भयानक सड़क हादसा हुआ है। कुल्लू में शैंशर से औट की तरफ आ रही निजी बस जंगला गांव के पास सड़क से नीचे गिरी। मृतकों में कुछ बच्चे भी शामिल हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में बस के चालक और परिचालक के अलावा एक यात्री शामिल है। ये हादसा सुबह 8:45 बजे हुआ। बस में सवार अधिकतर लोग अपने रोजाना के कामकाज के लिए घर से निकले थे। जानकारी के मुताबिक बस में 35 से 40 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया गया।

हादसा जिस जगह हुआ वह बेहद दुर्गम इलाका है। बस बेहद गहरी खाई में गिरी है। हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि सड़क पर खंभा गिरा होने के कारण चालक ने बस को साइड से निकालने की कोशिश की, लेकिन बस खाई में जा गिरी।

उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि बस हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है। तीन लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

Related Post