बहादुरगढ़ में राशन डिपो पर मिलने लगा तिरंगा, 20 रुपए देकर ले सकते हैं राष्ट्रध्वज

By  Vinod Kumar August 2nd 2022 05:26 PM

बहादुरगढ़/प्रदीप धनखड़: हरियाणा के हर राशन डिपो पर अब लोगों के लिए तिरंगा भी उपलब्ध करवाया गया है। कार्ड धारकों के साथ आम आदमी भी राशन डिपो से तिरंगा खरीद सकता है। इसके लिए ₹20 की कीमत निर्धारित की गई है। हालांकि डिपो होल्डर ₹1 कमीशन जोड़कर ₹21 तक ग्राहक से ले सकता है।

डिपो होल्डरों ने तिरंगे देने भी शुरू कर दिए हैं। इसके लिए बकायदा कार्ड होल्डरों के पास डिपो होल्डर मैसेज भी कर रहे हैं। इसके बाद डिपो पर लोग तिरंगा लेने के लिए पहुंच रहे हैं। तिरंगा लेने आए लोगों का कहना है कि हर घर पर शान से तिरंगा लहराना चाहिए। सरकार ने जो हर घर तिरंगा योजना चलाई है वह काबिले तारीफ है।

बता दें कि 13 से 15 अगस्त तक देशभर में हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए हरियाणा सरकार ने लोगों के घरों के नजदीक ही तिरंगा उपलब्ध करवाने के लिए राशन डिपो को सेल प्वाइंट के रूप में चयन किया है। झज्जर जिले में राशन डिपो के मार्फत 54000 तिरंगे झंडे लोगों के लिए उपलब्ध करवाए गए हैं। बात की जाए बहादुरगढ़ की तो यहां 117 राशन डिपो और लगभग 36000 कार्ड धारक हैं लेकिन तिरंगे 28000 ही उपलब्ध करवाए गए हैं।

फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि सभी डिपो होल्डर को तिरंगे की गरिमा बनाए रखने के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं और किसी को भी जबरदस्ती यह तिरंगा झंडा नहीं बेचा जाएगा। लोगों में राष्ट्रीयता की भावना लाने के लिए यह कदम उठाया गया है। हर घर तिरंगा अभियान लोगों को राष्ट्रीयता और देश प्रेम की भावना से जोड़ने के लिए अद्भुत कदम है इसके लिए आमजन भी काफी उत्साहित नजर आ रहा है।

Related Post