हम खालिस्तानियों की जड़े उखाड़ फेंकेंगे, हम इन पर पूरी नजर रखे हुए हैं: अनिल विज

By  Vinod Kumar May 8th 2022 02:57 PM

अंबाला/कृष्ण बाली: हिमाचल के धर्मशाला में विधानसभा के मुख्यद्वार पर खालिस्तानी झंडा लगाए जाने पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम इनकी जड़ें उखाड़ कर फेंक देंगे। हम अपने देश की अमन शान्ति को बिगड़ने नहीं देंगे। हम पूरी तरह से इन पर नज़र रखे हुए हैं।

विज ने कहा कि हम किसी प्रकार से भी जो हमारा भाईचारा है, प्रेम है, देशभक्ति है, नेशनलिज़्म है व सोशल ताना बना है उसे नहीं टूटने देंगे। गौरतलब है कि खालिस्तानी नेता पन्नू ने हरियाणा में भी सभी जिला सचिवालयों पर खालिस्तानी झंडा फेहराने की धमकी दी हुई है।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में स्थित विधानसभा के मेन गेट पर आज सुबह खालिस्तान के समर्थन में झंडे और पोस्टर लगाए गए थे। इसके बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया। सबसे पहले इन झंडों और पोस्टर को धर्मशाला के स्थानीय लोगों ने देखा और इस बात की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी।

प्रशासन ने फौरन झंडे और पोस्टर के साथ साथ दीवार पर खालिस्तान के समर्थन में लिखे गए नारों को भी हटवा दिया। कांगड़ा के एसपी कुशल शर्मा ने कहा कि देर रात या सुबह इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने फौरन विधानसभा गेट से खालिस्तानी झंडे हटवा दिए हैं।

Khalistani flags found tied on main gate of Himachal Assembly

एसपी कांगड़ा ने कहा कि यह बाहर से आए किसी पर्यटक की हरकत हो सकती है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि पुख्ता तौर पर अभी तक ये जानकारी नहीं है कि ये हरकत किसने की है।

Related Post