Sun, Jul 20, 2025
Whatsapp

घर से उठी बेटी की डोली, रास्ते में बदमाशों ने ससुराल पहुंचने से पहले मार दी तीन गोलियां

Reported by:  PTC News Desk  Edited by:  Vinod Kumar -- December 02nd 2021 10:35 AM
घर से उठी बेटी की डोली, रास्ते में बदमाशों ने ससुराल पहुंचने से पहले मार दी तीन गोलियां

घर से उठी बेटी की डोली, रास्ते में बदमाशों ने ससुराल पहुंचने से पहले मार दी तीन गोलियां

रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां शादी के जोड़े में ससुराल जा रही दुल्हन को बदमाशों ने बीच रास्ते में ही गोली मार दी। इस दौरान बदमाशों ने पहले दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक किया। फिर दूल्हे को नीचे उतारकर दुल्हन को तीन गोलियां मार दी। साथ ही दूल्हे के भाई की चेन भी तोड़ कर ले गए। मामला रोहतक जिले के भाली गांव का है. वारदात बुधवार रात 11:30 बजे के करीब गांव के शिव मंदिर के पास हुई। शक है कि दुल्हन के मायके सांपला से पीछा कर रहे साहिल नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने साहिल व उसके दो साथियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व लूट का मामला दर्ज कर लिया है। दूल्‍हे के परिजन दुल्हन को सांपला से व्याह कर लाए थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले रात करीब 11:30 बजे जब गांव भाली में शिव मंदिर के पास दूल्हा दुल्हन की गाड़ी पहुंची तो एक इनोवा कार ने ओवरटेक करके गाड़ी रुकवा ली। इनोवा कार से दो युवक नीचे उतरे, जो हाथों में रिवाल्वर लिए हुए थे। सबसे पहले एक युवक ने कार की चाबी निकाल ली। इसके बाद दूसरा युवक पीछे गया और दुल्हन को गोली मार दी। चेहरे, गर्दन और पेट में गोली लगने से दुल्हन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। बारात पर हुए हमले की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में उपचार के लिए दुल्हन को पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जांच में पता चला है कि बदमाशों में एक आरोपित साहिल निवासी खेड़ी सांपला भी था। फिलहाल पुलिस ने आरोपित साहिल को नामजद व अन्य अज्ञात आरोपितो के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है, जबकि दुल्हन के परिजनों ने कुछ और युवकों पर शक जताया है। फिलहाल रोहतक पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी है।  


Top News view more...

Latest News view more...

PTC NETWORK
PTC NETWORK