कांग्रेस में फिर नजर आई आंतरिक कलह, मंच पर बोलने का मौका ना मिलने पर पूर्व प्रदेश प्रवक्ता किया हंगामा
फरीदाबाद/सुधीर शर्मा: हरियाणा कांग्रेस में आंतरिक कलह शांत होने का नाम नहीं ले रही है। फरीदाबाद जिला कांग्रेस के कार्यक्रम में एक बार फिर से गुटबाजी देखने को मिली। यहां पर पूर्व प्रदेश प्रवक्ता को मंच पर बोलने का समय नहीं दिया गया तो उन्होंने जमकर हंगामा काटा और कार्यक्रम को छोड़ कर चलते बने।
हरियाणा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष उदय भान के बाद भी कांग्रेस में गुटबाजी साफ नजर आ रही है। आरोप है कि जब भी कांग्रेस का कोई कार्यक्रम होता है तो मंच पर केवल हुड्डा गुट के नेताओं का जमावड़ा होता है और उनको ही बोलने का मौका मिलता है। कुमारी सेलजा हो या फिर रणदीप सुरजेवाला इन नेताओं के गुट से नाता रखने वाले कांग्रेसी नेताओं को मंच पर खड़े होने या बोलने का कम ही मौका दिया जाता है।
फरीदाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था और यहां पर तमाम हुड्डा गुट के नेता इसमें शामिल हुए और इसमें हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने भी शिरकत की।
शैलजा के गुट से संबंध रखने वाले और पूर्व में हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता रहे जितेंद्र चंदीला को मंच पर बोलने का मौका नहीं मिला। मंच पर बोलने का मौका ना मिलने के चलते जितेंद्र चंदीला ने बैठक में ही जमकर हंगामा काटा और बैठक का बायकॉट करते हुए वहां से चले गए। हरियाणा कांग्रेस भले ही यह दावा करती हो कि हरियाणा में कोई गुटबाजी नहीं है लेकिन कांग्रेस के किसी भी कार्यक्रम में गुटबाजी का माहौल देखा जा सकता है।