Himachal: प्रदेश में हुई 3 इंच तक बर्फबारी,लोगों में जगी व्हाइट क्रिसमस की आस,पर्यटक पहुंच रहे शिमला
ब्यूरो: हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। जिस्पा, लोसर, लाहौल घाटी व रोहतांग के बाद केलांग में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। लोसर, जिस्पा, रोहतांग में दो से तीन इंच बर्फ की सफेद चादर बिछी गई है। इससे जिस्पा-मनाली सहित लाहौल घाटी की ज्यादातर सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है।
वहीं इस दौरान लोसर में ताजा बर्फबारी के बाद सुबह के वक्त पर्यटकों ने बर्फ पर स्केटिंग का आनंद उठाया। प्रदेश के आठ जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में आज दिन और रात में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार, चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर, शिमला और सिरमौर जिले की ऊंची चोटियों पर आज बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बारिश का पूर्वानुमान है। ऊंचे क्षेत्रों में ताजा हिमपात के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
इससे पहले प्रदेश के जिस्पा, लोसर, लाहौल घाटी और रोहतांग में शुक्रवार 22 दिसंबर को दो से तीन इंच बर्फबारी हुई। 8 जिलों में शनिवार 23 दिसंबर को भी बर्फबारी का अनुमान है। इस बीच बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।
-