उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री औऱ समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। आज सुबह गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। मुलायम सिंह यादव पिछले कई दिनों से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था।
मेदांता अस्पताल से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक उनकी स्थिति पिछले कई दिनों से गंभीर बनी हुई थी। इस बीच आज सुबह 8:16 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली।
इससे पहले मेदांता अस्पताल में कई सियासी हस्तियां उनका हाल जानने पहुंची थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी उनसे बीते दिनों मुलाकात की थी। मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति के बड़े सियासी दिग्गज थे। वो 8 बार उत्तर प्रदेश से ही विधायक रहे और यूपी के मुख्यमंत्री भी रहे। इसके साथ ही मुलायम सिंह यादव केंद्र में मंत्री भी रहे और लोकसभा में सांसद भी रहे।
साल 1977 में मुलायम सिंह यादव पहली बार जनता पार्टी से यूपी के मंत्री बने थे। इसके बाद साल 1989 में वो पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। साल 1993 और साल 2003 में वो फिर से यूपी के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे। इसके बाद उनके बेटे अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मुलायम सिंह यादव पार्टी के संरक्षक की भूमिका निभा रहे थे।
मौजूदा समय में मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से लोकसभा सांसद थे। इस बीच उनके स्वास्थ्य में भी दिनोंदिन गिरावट आ रही थी। हाल ही में उन्होंने गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।