अंबाला में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से कान पकड़कर करवाई उठक-बैठक
अंबाला। हरियाणा में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सात दिन का कंपलीट लॉकडाउन लगाया गया है। लेकिन लॉकडाउन का लोग पालन नहीं कर रहे हैं! लॉकडाउन के पहले दिन भी लोग काफी संख्या में सड़कों पर दिखे लेकिन अब पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती करनी शुरू कर दी है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक अंबाला पुलिस ने सुबह लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों को कान पकड़कर उठक-बैठक करवाई। पुलिस ने बताया, ''ये लोग मानते नहीं हैं। हम सुबह से घूम रहे हैं। इनको लॉकडाउन के लिए समझाया जा रहा है। आज इनको चेतावनी दे दी गई है। अगली बार इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।''
उल्लेखनीय है कि हरियाणा में कोरोना के एक्टिव मामले एक लाख को पार कर गए हैं। हरियाणा में बीते 24 घण्टे में 12885 कोरोना के मामले सामने आए हैं। वहीं 140 मरीज़ों की मौत हुई है।