उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी, मौसम विभाग ने दी लू चलने की चेतावनी

By  Vinod Kumar June 7th 2022 10:58 AM -- Updated: June 7th 2022 11:09 AM

चंडीगढ़/अभिषेक तक्षक: उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। हरियाणा और राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री ज्यादा बना हुआ है। चंडीगढ़ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। वहीं, हरियाणा के कई हिस्सों में तापमान 47 डिग्री तक पहुंच चुका है।

भीषण गर्मी (heat wave in haryana) की वजह से लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं। मौसम विभाग की ओर से भी हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। इस बारे में चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक डॉ मनमोहन सिंह ने बताया कि इस साल गर्मी समय से पहले शुरू हो गई और तापमान भी सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।

Heatwave persists in Punjab, Haryana

मनमनोहन सिंह का कहना है कि अप्रैल के महीने में भी तेज गर्मी देखने को मिली थी। हालांकि मई के महीने में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से गर्मी का प्रकोप उतना नहीं हुआ, लेकिन जून के महीने में गर्मी खूब कहर बरपा रही है। हरियाणा के ताजा तापमान (Haryana latest temperature) की बात करें तो दक्षिण हरियाणा के ज्यादातर जिलों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है जो सामान्य से 4-5 डिग्री ज्यादा है।

India Meteorological Department, heat wave, yellow alert ,weather, weather update

मनमोहन सिंह ने कहा कि फिलहाल जून का महीना अभी शुरू हुआ है। अभी काफी भीषण गर्मी पड़ रही है। फिलहाल इस पूरे महीने गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। यानि लोगों को पूरे महीने गर्मी झेलनी पड़ेगी।

हरियाणा में मानसून कब आयेगा

चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक डॉक्टर मनमोहन सिंह का कहना है कि फिलहाल मॉनसून के भी ज्यादा आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि मॉनसून जुलाई के पहले हफ्ते में हरियाणा तक पहुंचना शुरू हो जाएगा, लेकिन यह तय नहीं माना जा सकता।

 

इस साल पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता काफी कम देखी गई है। यही वजह है कि गर्मी समय से पहले आ गई क्योंकि मार्च का महीना पूरी तरह से सूखा रहा। अगर पश्चिमी विक्षोभ शुरुआती दिनों में सक्रिय रहता है तो गर्मी देरी से आती है और तापमान भी सामान्य बना रहता है, लेकिन इस साल पश्चिमी विक्षोभ उतना ज्यादा सक्रिय नहीं हुआ।

Related Post