पंजाब में 17 मंत्रियों से 11 पर अपराधिक मामले दर्ज, लेकिन हरियाणा में पाक-साफ नेता ढूंढ रही AAP
रोहतक/सुरेंद्र सिंह: राजनीति भी अजब रंग दिखाती है। समय के साथ साथ ये रंग भी बदलती रहती है। पंजाब में आम आदमी पार्टी के 17 मंत्रियों में से 11 मंत्रियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, लेकिन अगर हरियाणा में आप पार्टी में अगर किसी राजनेता को शामिल होना है तो उसे पाक साफ होना होगा।
उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं होनी चाहिए और भ्रष्टाचार जैसे मामलों में संलिप्त नहीं होना चाहिए। इन गाइडलाइन की जानकारी आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने दी है। यही नहीं सुशील गुप्ता ने तो यहां तक कह दिया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के लिए आप पार्टी में कोई स्थान नहीं है, क्योंकि वह बीजेपी के दबाव में हैं और भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले दर्ज है।
जब उनसे पंजाब के मंत्रियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामले दर्ज होने का सवाल किया गया तो अपनी बात को पलटते हुए नजर आए और बोले पंजाब में झूठे मामले दर्ज कराए गए हैं, क्योंकि इन लोगों ने अन्य पार्टियों में जाने से मना कर दिया था।
एसवाईएल का पानी हरियाणा को दिए जाने के सवाल पर सुशील गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला एसवाईएल को लेकर दिया है वह लागू किया जाएगा। वहीं, आप पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद का कार्यक्रम में न होने के सवाल पर सुशील गुप्ता बोले की आजीवन कोई व्यक्ति प्रदेश अध्यक्ष नहीं रह सकता। नवीन जयहिंद आप पार्टी के अच्छे कार्यकर्ता हैं। सभी को इस कार्यक्रम में आने के लिए निमंत्रण दे दिया गया था।