हरियाणा में पांच स्पोर्ट्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोले जाएंगे : उपमुख्यमंत्री
चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने घोषणा की कि हरियाणा को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा समर्पित प्रयास किए जा रहे हैं और इस दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में खेलों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व सुविधाएं देने के लिए 5 स्पोर्टस सेंटर ऑफ एक्सिलेंस खोले जाएंगे। इनमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को मुफ्त कोचिंग प्रदान की जाएगी। ये सेंटर बॉक्सिंग, हॉकी, निशानेबाजी, कुश्ती और एथलेटिक्स में खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने ओलम्पिक एवं पैरालम्पिक खेलों के लिए क्वालीफाई करते ही खिलाड़ी को तैयारी के लिए 5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एडवांस देने का प्रावधान किया है। इसके अलावा, हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है जो खेलों में चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 50 लाख रुपये का नकद इनाम दे रहा है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा को बनाया जाएगा स्पोर्ट्स हब: मनोहर लाल
यह भी पढ़ें- जेजेपी प्रदेश प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने किया अंगदान
उन्होंने कहा कि इतिहास की बात करें तो पिछले एशियाई खेलों में पदक तालिका में हरियाणा का योगदान 33 प्रतिशत था, जबकि राष्ट्रमंडल पदक तालिका में 40 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में राज्य सरकार की क्षमता को देखते हुए इस बार हरियाणा पहली बार 'खेलो इंडिया' प्रतियोगिताओं की मेजबानी भी करेगा।
उन्होंने कहा कि योग को बढ़ावा देने के लिए 1000 आयुष सहायक एवं 22 आयुष कोच के पद स्वीकृत किए हैं। साथ ही, 511 योग एवं व्यायामशालाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला, गुरूग्राम, जींद, भिवानी, सिरसा व यमुनानगर जिलों में आवासीय खेल अकादमियां खोली गई हैं। इसके अलावा, भिवानी, कुरुक्षेत्र, हिसार, अम्बाला व रोहतक में 9 डे-बोर्डिंग खेल अकादमियां खोली गई हैं।