Fri, May 30, 2025
Whatsapp

हरियाणा में 'फिल्म सिटी' बनाने का सपना लिए दुनिया से चले गए सतीश कौशिक

सतीश कौशिक ने दिल का दौरा पड़ने से दम तोड़ दिया। अनुपम खेर ने ट्वीट के जरिए खबर की पुष्टि की है। खबर मिलते ही बॉलीवुड में शोक की लहर छा गई है।

Reported by:  PTC News Desk  Edited by:  Shivesh jha -- March 09th 2023 10:38 AM
हरियाणा में 'फिल्म सिटी' बनाने का सपना लिए दुनिया से चले गए सतीश कौशिक

हरियाणा में 'फिल्म सिटी' बनाने का सपना लिए दुनिया से चले गए सतीश कौशिक

'कैलेंडर' 'एयरपोर्ट' और 'पप्पू पेजर' जैसी चर्चित भूमिका को जिवंत करने वाले बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के 66 साल की उम्र में निधन हो गया। सतीश कौशिक ने दिल का दौरा पड़ने से दम तोड़ दिया। अनुपम खेर ने ट्वीट के जरिए खबर की पुष्टि की है। खबर मिलते ही बॉलीवुड में शोक की लहर छा गई है।

खबर के मुताबिक सतीश कौशिक का एनसीआर में दिल का दौरा पड़ा उसके बाद उन्हें गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका निधन हो गया। कौशिक के मृत शरीर को पोस्टमॉर्टम के बाद मुंबई ले जाया जाएगा। सतीश कौशिक का सफर फिल्म जगत में बहुत दिलचस्प रहा है। उन्होंने एक्टिंग से लेकर निर्माता, निर्देशक, कथा-पटकथा लेखन तक का काम किया है।


1983 में आई 'जाने भी दो यारों' फिल्म से अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले सतीश कौशिक ने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया। सतीश को 1987 में फिल्म मिस्टर इंडिया से पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने 1997 में दीवाना-मस्ताना में पप्पू पेजर का किरदार निभाया था। सतीश को 1990 में राम लखन के लिए और 1997 में साजन चले ससुराल के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार मिला था।

उन्होंने साल 1993 में 'रूप की रानी चोरों का राजा' से बतौर निर्देशक उन्होंने अपनी पारी शुरू की और इसके बाद एक दर्जन से अधिक फिल्मों का निर्देशन भी किया। 13 अप्रैल 1956 को हरियाण के महेंद्रगढ़ में जन्मे सतीश कौशिक एक ऐसी शख्सियत रहे हैं जो मशहूर होने के बाद भी अपनी जड़ से जुड़े रहे। 

सतीश कौशिक हमेशा अपने प्रदेश हरियाणा के लिए कुछ करना चाहते थे। हरियाणा में फिल्म, कलाकार और प्रतिभा निखारने के लिए वो लगातार काम करते रहे थे। यही वजह रही कि जब सरकार ने हरियाणा में फिल्म नीति बनाई तो सतीश कौशिक को गवर्निंग काउंसिल का चेयरमैन बनाया गया था।

दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से एक्टिंग की पढाई कर उन्होंने फिल्मों का रुख किया और बॉलीवुड में अलग तरह के कॉमेडी को स्थापित कर अपनी कला का परचम लहराया। मौजूदा समय में सतीश कौशिक हरियाणा फिल्म प्रमोशन बोर्ड के चेयरमैन थे। 

सतीश कौशिक का सपना था कि हरियाणा में एक फिल्म सिटी बने। वो अक्सर अपने इंटरव्यू में इस बात का जिक्र करते थे। सतीश कौशिक का सपना था कि हरियाणा में ज्यादा से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग हो। इसके लिए जरूरी है कि एक सिंगल विंडो सिस्टम बनाया जाय ताकि फिल्म बिजनेस आसान हो सके। फिल्मों को हरियाणा में बढ़ावा देने के लिए वो ज्यादा से ज्यादा सब्सिडी और इंसेंटिव दिये जाने के पक्ष में थे।

- PTC NEWS

Top News view more...

Latest News view more...

PTC NETWORK